होमगार्ड भर्ती परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया

 

बस्ती / जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह द्वारा विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, एपीएन पीजी कॉलेज , ए.एस.एच.एस. एण्ड जी.आर.एस. इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज तथा बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज का भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने परीक्षा कक्षों में जाकर अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रश्नपत्र वितरण, सीसीटीवी निगरानी तथा सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा पूर्णतः पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित होती पाई गई।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh