अवध न्यूज लाइव रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
बस्ती। सुपरकिड्ज एकेडमी द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय चैंपियनशिप-2026 के प्रतिभागियों के सम्मान में स्टेशन रोड स्थित होटल में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एलकेजी से कक्षा 8 तक के प्रतिभागी विद्यार्थियों को ओवरऑल चैंपियन, चैंपियन, गोल्ड, सिल्वर एवं मेरिट वर्ग में ट्रॉफी, मेडल, प्रमाण पत्र एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री श्री महेश शुक्ला तथा विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री अंकुर वर्मा रहे। इसके अलावा एक्यूप्रेशर चिकित्सक डॉ. नवीन सिंह, व्यवसायी श्री वेद मेहंदीरत्ता, उत्तर प्रदेश कसौधन महासभा के अध्यक्ष श्री पवन कसौधन, राज्य पिछड़ा आयोग के श्री रमा शंकर साहू, महिला कसौधन समाज की अध्यक्ष श्रीमती कंचन गुप्ता, कसौधन समाज के अध्यक्ष श्री राजेंद्र कसौधन, कसौधन महासभा के पूर्व अध्यक्ष श्री बृज किशोर कसौधन सहित अन्य अतिथियों ने प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कृत किया।
ओवरऑल चैंपियन श्रेणी में कक्षा 4 के आरुष अग्रवाल, यूकेजी के शिवम पाण्डेय तथा कक्षा 2 की इरा अनुपम श्रीवास्तव को चैंपियन ट्रॉफी एवं 2100 रुपये नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
विद्यालय वर्ग में फीनिक्स पब्लिक स्कूल ने प्रथम, उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी ने द्वितीय तथा दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मेंटल मैथ पेपर में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मेंटल मैथ जीनियस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इनमें दिव्यांश सिंह, अंशा खान, यश पटेल, शिवम पांडे, रुद्र यादव, तेजस दुबे, युग प्रताप सिंह, अनुभव, शिक्षित कुमार, आण्वी, देवांशी पांडे, आद्या शुक्ला, प्रियांश श्रीवास्तव, हर्षवर्धन पांडे, पीयूष आर्य एवं केशव कसौधन शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त चैंपियन, गोल्ड, सिल्वर एवं मेरिट पार्टिसिपेंट वर्ग के सभी प्रतिभागी बच्चों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कुछ सेकेंड में कठिन गणितीय सवालों का जवाब देकर बच्चों ने चौंकाया
समारोह के दौरान सुपरकिड्ज के नन्हे विद्यार्थियों ने बिना किसी बाहरी उपकरण, पेन या पेपर के महज कुछ सेकेंड में कठिन गणितीय प्रश्नों का उत्तर देकर उपस्थित लोगों को आश्चर्यचकित कर दिया। बच्चों ने जोड़, घटाना, गुणा, भाग, 1000 तक के पहाड़े तथा मल्टी टास्किंग जैसी क्षमताओं का प्रदर्शन किया। नन्ही प्रतिभाओं के प्रदर्शन पर सभागार में मौजूद लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।
सुपरकिड्ज के संस्थापक सौरभ तुलस्यान ने प्रतियोगिता एवं संस्था द्वारा संचालित पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि बस्ती जनपद के नौनिहालों की प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करने और उन्हें सम्मानित करने के उद्देश्य से जनपद स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है। प्रतियोगिता में मेंटल मैथ, जनरल अवेयरनेस एवं स्पीड हैंडराइटिंग के प्रश्न पत्र शामिल होते हैं, जिससे बच्चों को भविष्य की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अनुभव मिलता है।
उन्होंने बताया कि सुपरकिड्ज में वैदिक गणित, अबेकस, कोडिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जिनका उद्देश्य बच्चों की मानसिक, गणितीय एवं रचनात्मक क्षमता का विकास करना है।
मुख्य अतिथि श्री महेश शुक्ला ने सुपरकिड्ज एकेडमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक युग में माता-पिता को बच्चों में संस्कारों का बीजारोपण करने के साथ उन्हें समाज की विकृतियों से दूर रखने की जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को उचित मार्गदर्शन देने की अपील की तथा अबेकस एवं वैदिक गणित जैसे कौशल विकास पाठ्यक्रमों से बच्चों को जोड़ने का सुझाव दिया।
विशिष्ट अतिथि श्री अंकुर वर्मा ने कहा कि अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए बच्चों की योग्यता के अनुसार उन्हें विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों में शामिल कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुपरकिड्ज के विद्यार्थी कुछ ही क्षणों में अपनी मानसिक एवं गणितीय क्षमता का प्रदर्शन करते हैं और यह बस्ती जनपद के बच्चों के लिए प्रतिभा निखारने का एक अवसर है।
समारोह में विभिन्न विद्यालयों के डायरेक्टर, प्रिंसिपल एवं शिक्षकगण, अभिभावक, प्रतिभागी विद्यार्थी तथा शहर के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुपरकिड्ज टीम के मदन गोपाल, आरती गुप्ता, रीना गुप्ता, नीतू तुलस्यान, पुनीती मोदी, सविता गुप्ता, अर्पिता मिश्रा, शिवांश तुलस्यान, रुचि तुलस्यान सहित पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
अंत में सुपरकिड्ज पुरानी बस्ती शाखा के प्रबंधक श्री मदन गोपाल ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, शिक्षकों एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

