रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
उपहार और सम्मान पाकर खिले श्रमिकों के चेहरे, नगर पंचायत कर्मियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी किया सम्मानित
आदर्श नगर पंचायत नगर। दीपावली की पूर्व संध्या पर नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने सामाजिक सरोकार की अनूठी पहल करते हुए क्षेत्र के 92 हाथ रिक्शा और ठेला चालकों को मिष्ठान वितरित कर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उपहार और सम्मान पाकर श्रमिकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर श्रीमती नीलम सिंह राना ने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना उनकी प्राथमिकता है। दीपावली खुशियों और आपसी प्रेम का पर्व है। उन्होंने सभी को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए नगर पंचायत चतुर्दिक विकास के पथ पर अग्रसर है।
वहीं, उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के अध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि समाज के आम लोगों तक खुशहाली पहुंचाना ही सनातन धर्म का मूल आधार है। इस तरह की परंपराओं से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है।
कार्यक्रम के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष ने नगर पंचायत के कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं, चौकीदारों, विद्यालयों की रसोइयों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा भाजपा पदाधिकारियों को भी उपहार भेंट कर दीपावली की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस पहल की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।



