चीनी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

चीनी की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश

बस्ती । जनपद में चीनी की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने आमजन को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार पर्याप्त मात्रा में चीनी उपलब्ध कराने तथा आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

बैठक में जिलाधिकारी ने चीनी की वर्तमान उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जनपद में चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी नियमित रूप से स्टॉक की निगरानी करें और आवश्यकता के अनुसार समय से आपूर्ति सुनिश्चित कराएं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चीनी के वितरण में किसी भी स्तर पर अनियमितता, कालाबाजारी अथवा जमाखोरी की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही उपभोक्ताओं को निर्धारित दर एवं मानकों के अनुरूप चीनी उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने बाजार एवं वितरण केंद्रों पर चीनी की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। कहा कि आमजन को आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आपूर्ति व्यवस्था को प्रभावी और पारदर्शी बनाए रखें।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को चीनी की उपलब्धता एवं वितरण से जुड़ी जानकारी दी। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आमजन को आवश्यक वस्तुओं की सुचारु एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, डिप्टी आरएमओ विपिन कुमार, मंडी सचिव राम कुमार यादव, जिला गन्ना अधिकारी, विपणन निरीक्षक, आपूर्ति अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh