उद्योग बंधु व वाणिज्य बंधु की बैठक में उद्यमियों ने उठाईं समस्याएं

उद्योग बंधु व वाणिज्य बंधु की बैठक में उद्यमियों ने उठाईं समस्याएं

बस्ती । जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उद्योग बंधु एवं वाणिज्य बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न उद्यमियों एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

बैठक में मेडिकल वेस्टेज से होने वाले प्रदूषण, लो वोल्टेज तथा बभनान मार्केट से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं व्यापारियों का कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में सहयोग देने के लिए आभार भी व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और व्यापारिक संगठनों के समन्वय से जनपद में व्यापारिक गतिविधियों को बेहतर बनाने तथा उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता सिंचाई, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों में जगदीश अग्रहरि, सूर्य कुमार शुक्ला, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, अनूप तिवारी सहित जिले के प्रमुख उद्योगपति एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

वाणिज्य बंधु की बैठक का संचालन उपायुक्त राज्य कर उपेंद्र यादव तथा उद्योग बंधु की बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग राजेश रोमन ने किया।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh