रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार

बस्ती। जिले में चीनी मिलों का संचालन शुरू होने के साथ ही गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। खेती की बढ़ती लागत और महंगाई को देखते हुए किसानों ने गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित करने की मांग उठाई है। इसको लेकर गन्ना समिति अध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह, विक्रमजोत चेयरमैन इंजीनियर सिद्धांत सिंह और किसान नेता विनोद सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसान नेताओं एवं किसानों ने जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना से मुलाकात कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से किसानों ने गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करने सहित विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। इस दौरान इंजीनियर सिद्धांत सिंह और अखण्ड प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से कहा कि खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी और कृषि संसाधनों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में मौजूदा गन्ना मूल्य किसानों की लागत के मुकाबले पर्याप्त नहीं है। सरकार को किसानों की मेहनत और बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि अन्य फसलों के समर्थन मूल्य की घोषणा समय से की जाती है, लेकिन गन्ना मूल्य घोषित नहीं होने से किसानों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। सरकार को जल्द मूल्य घोषित कर किसानों को राहत देनी चाहिए।
वहीं किसान नेता विनोद सिंह ने कहा कि बाजार में चीनी का मूल्य लगभग 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रहा है, जबकि गन्ना किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य 500 से 600 रुपये प्रति कुंतल के बीच निर्धारित करने पर विचार करने की मांग की।
किसान नेता अरविन्द सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो किसान अपने हक के लिए आंदोलन करने को मजबूर होंगे।इस अवसर पर जनपद की विभिन्न गन्ना समितियों के चेयरमैन, किसान नेता और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

