रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
यातायात नियमों के प्रति लोगों को किया जागरूक, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश
बस्ती। यातायात सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम मंगलवार को बस्ती के बड़े बन चौराहे पर देखने को मिला। मिशन शक्ति फेज-6 के अंतर्गत यातायात पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में महिला आरक्षियों और एनसीसी कैडेट्स ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए यातायात व्यवस्था संभाली और राहगीरों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सीओ सदर कुलदीप यादव, आरटीओ सुरेश मौर्य, पीटीओ शिवकुमार मिश्र तथा शहर कोतवाल बृजनन्द सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अभियान के दौरान महिला आरक्षियों और एनसीसी कैडेट्स ने चौराहे पर खड़े होकर यातायात संकेतों के माध्यम से वाहनों का संचालन किया। साथ ही लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया।
अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ ही आमजन में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और महिलाओं की नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा। महिला आरक्षियों और एनसीसी कैडेट्स ने अपनी कार्यकुशलता, अनुशासन और आत्मविश्वास से यह संदेश दिया कि महिलाओं को जिम्मेदारी और अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में प्रभावी भूमिका निभा सकती हैं।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित यह पहल महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस तरह के जागरूकता अभियानों से लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ाने और बस्ती को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित शहर बनाने में मदद मिलेगी।



