नवरात्रि और दुर्गा पूजा को लेकर बस्ती पुलिस अलर्ट, जनपदभर में पैदल गश्त और सघन चेकिंग

संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच, सर्राफा कारोबारियों से संवाद कर सुरक्षा का दिलाया भरोसा

 

बस्ती। आगामी शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस अधीक्षक श्री ओमवीर सिंह के आदेश पर जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

 

पैदल गश्त के दौरान प्रमुख चौराहों, बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं वस्तुओं की सघन जांच की गई। पुलिस अधिकारियों ने आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था के प्रति जागरूक किया और त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

 

इसके साथ ही प्रमुख सर्राफा दुकानों के मालिकों से बातचीत कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली गई। पुलिस ने लोगों को मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों तथा यातायात नियमों के पालन के प्रति भी जागरूक किया।

 

पुलिस की इस सक्रियता का उद्देश्य त्योहारों के दौरान असामाजिक तत्वों पर नजर रखना, आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना और जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना है।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh