मिशन शक्ति अभियान के तहत कस्तूरबा महिला विद्यालय में छात्राओं को किया गया जागरूक
महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नए कानूनों की दी गई जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया
बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना छावनी पुलिस की टीम ने कस्तूरबा महिला विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा नए कानूनों के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया सुश्री स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राणा देवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम ने यह अभियान चलाया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को तीन नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित अपराधों के विरुद्ध आवाज उठाने और किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की गई।
पुलिस टीम ने महिला पावर लाइन 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108 और साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। इसके अतिरिक्त थाना छावनी के सीयूजी नंबर 9454403109 की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर मिशन शक्ति से संबंधित पंपलेट वितरित कर छात्राओं को जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने भरोसा दिलाया कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। अभियान के अंतर्गत थाना क्षेत्र में सायंकालीन पैदल गश्त करने के साथ दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
कार्यक्रम में उपनिरीक्षक सुरेंद्र यादव, कांस्टेबल सौरभ सिंह, महिला आरक्षी ऋतुजा वर्मा एवं महिला आरक्षी आराधना सिंह सहित मिशन शक्ति टीम के सदस्य मौजूद रहे।

