नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, शिक्षा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश

नवोदय विद्यालय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन, शिक्षा और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश

बस्ती । जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को जवाहर नवोदय विद्यालय, रुधौली का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षणिक, आवासीय, भोजन एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के कक्षों, छात्रावास, रसोईघर एवं कक्षाओं का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता को परखा। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया और स्वयं भोजन की गुणवत्ता का जायजा लिया। भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक मिलने पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नियमित रूप से पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भोजन की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, साफ-सफाई तथा खाद्य सामग्री के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने रसोईघर और भोजन से जुड़े सभी स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य सामग्री का सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने छात्रावास का निरीक्षण कर विद्यार्थियों के रहने के कमरों और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।

विद्यालय की कक्षाओं के निरीक्षण के दौरान विद्यार्थी पढ़ाई करते मिले। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों से उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति पर नियमित ध्यान देने और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने को कहा।

जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास और परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण मिलना जरूरी है तथा साफ-सफाई की नियमित निगरानी कर कमियों को तत्काल दूर कराया जाए।

उन्होंने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय के विद्यार्थी देश और प्रदेश का भविष्य हैं, इसलिए उनके सर्वांगीण विकास के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ परिसर और अच्छी आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी रुधौली अहमद फरीद खान, प्रधानाचार्या अमिता सक्सेना सहित विद्यालय के शिक्षक एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh