रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
भानपुर (बस्ती)। हिंदू युवा वाहिनी जनपद बस्ती की रामनगर ब्लॉक इकाई की बैठक बैड़वा स्थित समय माता मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला महामंत्री संगठन विनय सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला महामंत्री कन्हैया लाल उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता अरुण कुमार ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि विनय सिंह ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर संगठन की गतिविधियों को आगे बढ़ाने और हिंदुत्व के प्रति जागरूकता फैलाने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर भगवा ध्वज लगाने तथा उत्तर प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे कंपनी बाग चौराहे से जनपद मुख्यालय पर कमल सेन के नेतृत्व में ज्योति यात्रा आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से यात्रा में शामिल होकर माता रानी की अखंड ज्योति के दर्शन करने की अपील की।
विशिष्ट अतिथि कन्हैया लाल ने कार्यकर्ताओं से धर्म, मठ-मंदिरों की रक्षा तथा सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज में सकारात्मक भूमिका निभाते हुए संगठन के उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करना चाहिए।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।
इन्हें मिली जिम्मेदारी
राम भवन मौर्य को ब्लॉक संरक्षक, अरुण कुमार को ब्लॉक प्रभारी, बृजेश गुप्ता को सह प्रभारी, अश्वनी कुमार को ब्लॉक संयोजक, राजकुमार विश्वकर्मा को सह संयोजक तथा लालेन्द्र कुमार भट्ट को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया।
महेंद्र अग्रहरि, दिव्यांश, अनिल कुमार और अवनीश कुमार भट्ट को ब्लॉक उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। महेश चौधरी को ब्लॉक महामंत्री संगठन, पवन वर्मा को ब्लॉक महामंत्री तथा अजीत कुमार, विवेक कुमार, दीप कुमार, रामप्रसाद यादव और दयाराम गौड़ को ब्लॉक मंत्री बनाया गया।
इसके अलावा रमेश सिंह को ब्लॉक कोषाध्यक्ष, शिवा उपाध्याय को ब्लॉक मीडिया प्रभारी, गणेश अग्रहरि को सह मीडिया प्रभारी तथा सतीश चंद्र बंसल को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
बैठक में संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


