बस्ती। थाना सोनहा पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार थाना सोनहा में पंजीकृत मुकदमा अपराध संख्या 247/2026 में धारा 87, 137(2), 352, 351(3), 64(1) बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट के तहत वांछित चल रहे अभियुक्त उमंग उर्फ श्रेष्ठ जायसवाल पुत्र विनय जायसवाल, उम्र करीब 20 वर्ष, निवासी नरखोरिया थाना सोनहा, जनपद बस्ती को 7 अक्टूबर 2026 को दोपहर 1:50 बजे भानपुर तिराहा स्थित दुर्गा मंदिर के सामने से गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए रवाना किया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष महेश सिंह, उपनिरीक्षक शेखर प्रसाद साहनी तथा कांस्टेबल मनोज यादव थाना सोनहा शामिल रहे।


