बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र के राजा जोत गांव निवासी राज कुमार पुत्र राम किशोर पर एक महिला ने शादी का झांसा देकर धन उगाही और शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित महिला सुशीला देवी का कहना है कि उसने मामले को लेकर 17 सितंबर 2026 को थाना हर्रैया में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन आरोप है कि अब तक मामले में कार्रवाई नहीं की गई और न ही मुकदमा दर्ज किया गया।
महिला का आरोप है कि शिकायत के बाद उसे लगातार दो से तीन दिनों तक थाने बुलाया गया और वहां उस पर समझौता करने का दबाव बनाया गया।
सुशीला देवी का कहना है कि वह नौकरीपेशा महिला है और अकेले ही आवागमन करती है। आरोप है कि राज कुमार और उसके मामा द्वारा रास्ते में उसे रोककर धमकी देने की कोशिश की जाती है। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका दुपट्टा हाथ से खींचने की कोशिश की गई।
पीड़िता ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि भविष्य में उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए राज कुमार और संबंधित थाना पुलिस जिम्मेदार होगी।


