बस्ती: अज्ञात वाहन की टक्कर से 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार

गौर (बस्ती)। जिले के गौर थाना क्षेत्र में टिनिच-गौर मार्ग पर आमा गांव के निकट सोमवार को हुए सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, गौर थाना क्षेत्र के बेतौहा गांव निवासी अनुराग पुत्र रामगोपाल सोमवार दोपहर करीब एक बजे मोटरसाइकिल से आमा चौराहे की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गौर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) गौर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। महज 22 वर्ष की उम्र में अनुराग की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh