बस्ती। गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों से अधिक आवाज में डीजे बजाने के मामले में छावनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित डीजे संचालकों के उपकरणों को सीज कर दिया। पुलिस ने आगामी त्योहारों को देखते हुए डीजे संचालकों एवं आयोजकों को निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।
पुलिस के अनुसार, थाना छावनी क्षेत्र में विगत दिनों गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान निर्धारित मानकों से अधिक ध्वनि में डीजे बजाए जाने की शिकायत पर जांच की गई थी। जांच में ध्वनि मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 30 सितंबर 2026 को मु.अ.सं. 201/2026 के तहत धारा 270, 292 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रभारी निरीक्षक थाना छावनी राणा देवेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देश पर सोमवार को उपनिरीक्षक सुरेन्द्र यादव ने पुलिस टीम के साथ संबंधित डीजे संचालकों के चार साउंड, तीन हॉर्न और एक मिक्सर मशीन को सीज किया। मामले में अखिलेश पुत्र बम्बहादुर, सुजीत पुत्र सीतासरण कन्नौजिया निवासीगण थानाखास थाना हर्रैया तथा मनोज पुत्र मिठाईलाल निवासी देव्या गंगाराम थाना हर्रैया के विरुद्ध धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी डीजे संचालकों और आयोजकों को निर्देशित किया गया है कि आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं और निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करें। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।


