अवध न्यूज लाइव
रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार 9682957754
बस्ती। सूर्यमणि फाउंडेशन एवं पहल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सनातनी सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में जेए इंडियन कान्वेंट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले के विभिन्न विद्यालयों को पीछे छोड़ दिया। प्रतियोगिता के टॉप-10 में विद्यालय के पांच विद्यार्थियों ने स्थान बनाकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में तौफीक अहमद ने प्रथम रैंक हासिल कर टैबलेट अपने नाम किया। वहीं ज्योति सोनकर ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर साइकिल जीती। इसके अलावा मुस्कान परवीन ने छठवां, अनन्या चौधरी ने सातवां तथा कुमारी सिद्धि ने आठवां स्थान प्राप्त किया।
एक ही विद्यालय के पांच विद्यार्थियों का टॉप-10 में स्थान बनाना विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ विद्यार्थियों की मेहनत और प्रतिभा को भी दर्शाता है। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल रहा। शिक्षकों और अभिभावकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखते हुए सामान्य ज्ञान, संस्कार, आत्मविश्वास और प्रतियोगी भावना के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है। शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है कि वे विभिन्न प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। साथ ही उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।


