सनातन धर्म संस्था की भव्य शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धा और उत्साह का सैलाब

रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार 

जय श्रीराम के जयघोष, दिव्य झांकियों और पुष्पवर्षा से राममय हुआ बस्ती नगर

12 नवंबर से सातवें श्रीरामलीला महोत्सव का होगा भव्य शुभारंभ, 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं करेंगे भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन

बस्ती (अवध न्यूज लाइव)  सनातन धर्म संस्था, बस्ती की ओर से आयोजित सातवें श्रीरामलीला महोत्सव के उपलक्ष्य में सोमवार को नगर में भव्य जनजागरण शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के माध्यम से नगरवासियों, श्रीराम भक्तों, माताओं-बहनों एवं युवाओं को श्रीरामलीला महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण देने के साथ भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और सनातन संस्कृति के प्रति जनजागरण का संदेश दिया गया।

शोभायात्रा का शुभारंभ श्रीकृष्ण मुरारी पांडेय इंटर कॉलेज से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी की दिव्य झांकी की आरती के साथ हुआ। भगवा ध्वजों, जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष, भजन-कीर्तन और भक्तिमय वातावरण के बीच शोभायात्रा रोडवेज, गांधीनगर, कंपनी बाग एवं कचहरी होते हुए श्री शिव मंदिर, अमहट घाट पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। जगह-जगह नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया।

शोभायात्रा का विशेष आकर्षण भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण एवं हनुमान जी के स्वरूप में सजे बच्चों की मनोहारी झांकी रही। भगवान के दिव्य स्वरूपों के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। जगह-जगह जय श्रीराम के उद्घोष से पूरा नगर राममय नजर आया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, युवाओं, माताओं-बहनों एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

शोभायात्रा का समापन श्री शिव मंदिर, अमहट घाट पर भगवान शिव के पूजन-अर्चन एवं आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा श्रीरामलीला महोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार सातवें वर्ष आयोजित हो रहे श्रीरामलीला महोत्सव की विशेषता यह है कि इसमें 20 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन करेंगे। इस आयोजन के माध्यम से बच्चों में संस्कार, अनुशासन, त्याग, मर्यादा, कर्तव्यबोध एवं भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

12 नवंबर से होगा श्रीरामलीला महोत्सव का शुभारंभ

श्रीरामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ 12 नवंबर से गोविन्द राम सक्सेरिया इंटर कॉलेज, गांधीनगर, बस्ती के प्रांगण में होगा। संस्था ने नगर के समस्त श्रीराम भक्तों, माताओं-बहनों एवं नागरिकों से सपरिवार उपस्थित होकर श्रीरामलीला के दिव्य मंचन का दर्शन करने तथा बाल कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। संस्था की ओर से शोभायात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, नगरवासियों, सामाजिक संगठनों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

इनकी रही प्रमुख सहभागिता

शोभायात्रा में प्रमुख रूप से रमेश सिंह, डॉ. शैलेश सिंह, डॉ. ऋचा ओझा, राखी दूबे, आयुषी दूबे, सीए अभिषेक मणि त्रिपाठी, सीए मयंक राजपाल, आशीष शुक्ल, गोपेश पाल, डॉ. नवीन सिंह, मंगला प्रसाद दूबे, अतुल चित्रगुप्त, वैष्णवी दूबे, संध्या दीक्षित, चन्दन सिंह, शिव प्रसाद शुक्ल, ज्योति, खुशी, आयुषी, अंकुर वर्मा, प्रशांत पाण्डेय, आलोक पांडेय, श्याम जी चौधरी, राकेश दूबे जे.डी., अंकुर यादव, अर्पिता सिंह, शशि पांडेय, डॉ. रोहन दूबे, अनुराग पांडेय, मुक्तेश्वर नाथ आजाद, रितिकेश सहाय, सरदार सर्वजीत सिंह, राजेश चित्रगुप्त, शेष नारायण गुप्ता, कौशल गुप्ता, शुभम कसौधन, महादेव पाण्डेय, वेद बाबू, राजेश मिश्र, कर्नल के.सी. मिश्र, अखिलेश दूबे, कैलाश नाथ दूबे, अनुराग शुक्ल, सुशील मिश्र, भोलानाथ चौधरी, अर्पित गौड़, अभय त्रिपाठी, विनीत पांडेय, हरीश त्रिपाठी, अनिल सिंह, सन्नो दूबे, नरेश सडाना, सतीश सोनकर, सहदेव दूबे, ओमकार मिश्र, ओमप्रकाश दूबे, शिवनाथ चौबे, बृहस्पति मणि त्रिपाठी, नरेन्द्र तिवारी, मान्यता, अर्पिता एवं आद्या सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh