बस्ती में बाउंड्रीवाल गिराकर जमीन कब्जाने का आरोप, दो पक्षों में तनाव की आशंका

 

रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार 

बस्ती। जिले में जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र के हरदिया चौराहे के निकट एक महिला की जमीन पर बनी बाउंड्रीवाल गिराए जाने से तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। पीड़िता ईभा पटेल ने सलीम समेत दो दर्जन से अधिक लोगों पर बाउंड्रीवाल गिराने, अभद्रता करने और जबरन जमीन पर कब्जा करने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार, उनकी जमीन गाटा संख्या 56/695 पर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि कुछ लोग एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और कथित तौर पर बाउंड्रीवाल को गिरा दिया। विरोध करने पर महिला के साथ अभद्रता भी की गई। घटना के बाद पीड़िता ने पुलिस और प्रशासन से शिकायत कर न्याय एवं अपनी जमीन की सुरक्षा की मांग की है।

महिला का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक विवाद का कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका है। उन्होंने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही आशंका जताई है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ सकता है।

वहीं, मामले को लेकर इलाके में तनाव की आशंका जताई जा रही है। विवाद को दो संप्रदायों से जोड़कर देखे जाने के चलते प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी अहम चुनौती है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए समय रहते हस्तक्षेप और निष्पक्ष कार्रवाई जरूरी है।

अब देखना यह होगा कि पुलिस और प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और पीड़िता को कब तक न्याय मिल पाता है।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh