बस्ती के पूर्व योजना आयोग के उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक राम ललित चौधरी का निधन
बस्ती। रुधौली विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक राम ललित चौधरी (66) का बीती रात लखनऊ के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से रुधौली क्षेत्र समेत पूरे जनपद के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिसीमन से पहले रुधौली विधानसभा क्षेत्र रामनगर विधानसभा के नाम से जाना जाता था।
मिली जानकारी के अनुसार करीब 15 दिन पूर्व राम ललित चौधरी फिसलकर गिर गए थे उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा था। हालांकि, बीती रात उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।
राम ललित चौधरी तत्कालीन रामनगर विधानसभा क्षेत्र की राजनीति के प्रमुख चेहरों में रहे। उन्होंने इस क्षेत्र का तीन बार विधानसभा में प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 1989 और 1991 में जनता दल के टिकट पर उन्होंने चुनाव जीता, जबकि 1996 में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जीत दर्ज कर तीसरी बार विधायक और योजना आयोज के उपाध्यक्ष बने। वर्ष 1993 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।अब वह कुछ वर्षों से भाजपा पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सक्रिय थे।
श्री चौधरी के निधन पर जनप्रतिनिधियों और जनपद वासियों ने घर शोक व्यक्त किया।


