रिपोर्ट :- अभिषेक कुमार
बस्ती। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की गिरफ्तारी के बाद बस्ती में सपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। आक्रोशित सपाइयों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले फूंके।
सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सपा नगर अध्यक्ष यूनुस आलम ने गृह मंत्री के पुतले की जूते से पिटाई भी की।
बताया जा रहा है कि पुतला दहन के दौरान मौके पर मौजूद पुलिस और एलआईयू को इसकी भनक नहीं लग सकी। सपाइयों ने अचानक पुतला दहन कर दिया। पुतला जलाए जाने के बाद जिलाधिकारी कार्यालय पर भारी पुलिस फोर्स पहुंची।
फिलहाल जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में सपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी है। पुलिस बल मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


