बस्ती/जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का किया निरीक्षण, आयोजकों से संवाद कर सुरक्षित विसर्जन की अपील
बस्ती। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना ने जनपद बस्ती में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर में भीड़भाड़ की स्थिति का जायजा लिया तथा दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रतिमा आयोजकों से संवाद किया।
जिलाधिकारी ने विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ के सुचारु प्रबंधन तथा निर्धारित विसर्जन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर आयोजकों से चर्चा की। उन्होंने सभी आयोजकों से अपील की कि वे प्रशासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की आशंका न रहे।
उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे में सभी आयोजक आपसी सहयोग और जिम्मेदारी के साथ धार्मिक कार्यक्रमों को संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करें।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा विसर्जन के दौरान सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए, जिससे दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।


