रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
औद्योगिक विकास इंटर कॉलेज बिहरा में यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, छात्रों को सड़क सुरक्षा की दिलाई गई शपथ
बस्ती। यातायात माह के तहत गुरुवार, 19 नवंबर को औद्योगिक विकास इंटर कॉलेज बिहरा में यातायात जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में यातायात पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत तथा क्षेत्राधिकारी यातायात कुलदीप त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान यातायात प्रभारी ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन नहीं चलाना चाहिए। दोपहिया वाहन पर चालक और पीछे बैठने वाले दोनों को हेलमेट पहनना चाहिए, जबकि चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए।
इसके साथ ही विद्यार्थियों को ट्रैफिक सिग्नल, जेब्रा क्रॉसिंग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और ईयरफोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल मदद करने और गोल्डन आवर के दौरान उसे अस्पताल पहुंचाने के महत्व को भी समझाया गया।
कार्यक्रम के अंत में यातायात प्रभारी ने सभी छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं यातायात पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



