जनपद में लक्ष्मी प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान जिलाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया

 

बस्ती/ जनपद में लक्ष्मी प्रतिमाओं का विसर्जन श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने अमहट घाट पहुंचकर चल रहे प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने घाट पर विसर्जन की प्रक्रिया तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं। घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि विसर्जन के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर मुस्तैद रहें।

पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि घाट पर पर्याप्त सतर्कता बनाए रखी जाए तथा श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जाए। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ ही किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहे।

तीनों अधिकारियों ने निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान तैनात सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

अमित सिंह बस्ती

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh