एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बस्ती के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 23 पदक जीतकर रचा इतिहास

रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार

सात खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में बनाई जगह, स्वर्ण, रजत और कांस्य पदकों पर जमाया कब्जा

बस्ती, 02 नवंबर। लखनऊ में 31 अक्टूबर एवं 01 नवंबर को आयोजित प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बस्ती जनपद के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बस्ती के खिलाड़ियों ने कुल 23 पदक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं, सात खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई किया।

उत्तर प्रदेश मास्टर्स एथलेटिक्स एसोसिएशन के प्रांतीय उपाध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि 40 वर्ष आयु वर्ग में अनिल यादव ने ऊंची कूद में स्वर्ण तथा हाफ स्टेप जंप में रजत पदक हासिल किया। 45 वर्ष आयु वर्ग में सुनील सिंह ने गोला फेंक और भाला फेंक में स्वर्ण, जबकि डिस्कस थ्रो में रजत पदक अपने नाम किया।

इसी क्रम में 50 वर्ष आयु वर्ग में चंद्र भूषण सिंह ने 400 मीटर हर्डल रेस में स्वर्ण तथा 100 मीटर हर्डल रेस में रजत पदक जीता। 55 वर्ष आयु वर्ग में राजेश कुमार सिंह ने गोला फेंक और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, 35 वर्ष आयु वर्ग में दुर्गेश पाल ने हाई जंप में रजत पदक प्राप्त किया।

इसके अलावा 40 वर्ष आयु वर्ग में रज्जब अली ने हैमर थ्रो में रजत तथा भाला फेंक और डिस्कस थ्रो में कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, 75 वर्ष आयु वर्ग में राम दयाल यादव ‘मास्टर साहब’ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैमर थ्रो में रजत पदक हासिल किया। उनकी उपलब्धि ने साबित कर दिया कि खेलों में उम्र कभी बाधा नहीं बनती।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर राना दिनेश प्रताप सिंह ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि जनवरी के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मास्टर्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बस्ती के खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन कर पदकों की झड़ी लगाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि खिलाड़ी महर्षि वशिष्ठ की पावन धरती का गौरव पूरे देश में बढ़ाएंगे।

बस्ती के खिलाड़ियों की इस सफलता से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh