
जौनपुर में चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड के फरार आरोपी रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई घटना के 25 दिन बाद हुई।
पुलिस के अनुसार, एसआईटी और एसटीएफ की टीमें आजाद बिंद हत्याकांड में नामजद तीनों फरार आरोपितों की तलाश कर रही थीं। इनमें आजमगढ़ के प्रदीप बिंद, खेतासराय के रवि यादव और सरायख्वाजा के भोले राजभर शामिल थे। गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार तड़के रवि यादव को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया।
यह मामला सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़उर गांव निवासी 24 वर्षीय आजाद बिंद की हत्या से जुड़ा है। आजाद का विवाह खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर (जमदहां) निवासी सोनी बिंद से तय हुआ था।
बतादे कि 1 मई की रात आजाद बिंद अपनी बारात लेकर जा रहे थे। घर से करीब सात किलोमीटर दूर खेतासराय के बादशाही बाजार के पास रात लगभग 8:30 बजे बाइक सवार नकाबपोश हमलावरों ने उनकी कार रोककर गोली मार दी थी। हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए थे।
आजाद बिंद के पिता राम लखन बिंद की तहरीर पर तीनों नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में अब तक 13 अन्य लोगों को शरणदाता और सहयोगी के रूप में गिरफ्तार किया है।

