
बस्ती /. न्यायाधीश उपभोक्ता परिषद अमरजीत वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्टेªट सभागार में जिला उपभोक्ता संरक्षण परिषद के कार्यकारिणी की बैठक आयोजित हुयी। बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखना परिषद का मुख्य उद्देश्य है। न्यायिक हित में प्रत्येक नागरिक जिम्मेदारी से प्रमाणिक गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं का उपभोग करें तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। शासन स्तर पर स्थापित जिले का यह न्यायपीठ उपभोक्ताओं के लिए सरलतापूर्वक न्याय दिलाने में सक्षम है। कार्यकारिणी में सम्मिलित विभागीय अधिकारीगण, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधि, व्यापार मण्डल के प्रतिनिधि आपसी समन्वय से उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने हेतु तत्परतापूर्वक कार्य करें।
उन्होने यह भी कहा कि जनपद स्तर पर जिला प्रशासन उपभोक्ताओं को न्याय दिलाने में अपेक्षित सहयोग कर रहा है। अभी भी व्यापक स्तर पर जनजागरूकता के लिए प्रचार-प्रसार की आवश्यकता है, जो मीडिया एवं अन्य संगठनों के द्वारा किया जा रहा है। किसी भी उपभोक्ता को न्याय दिलाना परिषद की प्राथमिकता है।
अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान ने कहा कि प्रत्येक उपभोक्ता खुद जागरूक हो, इसके लिए व्यापारीबन्धु अपने प्रतिष्ठानों पर तौल, गुणवत्ता आदि के संबंध में बोर्ड, पोस्टर आदि लगाकर उपभोक्ताओं को जानकारी दे सकते है तथा मानकीकृत सामानों का विक्रय करें। उन्होने कहा कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि, बाट-माप को भी इस समिति में जोड़ा जाय।
इसी क्रम में भावेश कुमार पाण्डेय, जगदीश अग्रहरि, विजय कुमार त्रिपाठी, संजीव भट्टाचार, अरविन्द्र चौधरी, जयप्रकाश यादव एवं मनोज कुमार ने भी उपभोक्ताहित में अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का संचालन पूर्व सदस्य मध्यस्थ जिला उपभोक्ता न्यायालय महादेव प्रसाद दुबे ने किया। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, पीडी राजेश कुमार, एसीएमओ डा. ए.के. चौधरी, उपायुक्त उद्योग हरेन्द्र प्रताप, जिला कृषि अधिकारी बी.आर. मौर्य, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, एआरटीओ माला बाजपेयी, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, कर अधिकारी नगरपालिका, सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहें।

