बस्ती/नगर पंचायत नगर की अध्यक्ष नीलम सिंह राना के नेतृत्व में  मासिक स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अपनी सैकड़ों सफाई कर्मियों की भारी भरकम फौज के साथ नगर पहुंच गई। उन्होंने राजा उदय प्रताप नगर वार्ड स्थित तालाब के तट पर तीन घंटे तक खूब पसीना बहाया। श्रीमती राना ने निर्देश दिया कि 15 दिन के अंदर इस ऐतिहासिक सरोवर को पूरी तरह से स्वच्छ बनाने की कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हमारे जीवन का एक प्रमुख हिस्सा है।अपील किया कि नगर वासी अपने आस पास स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। श्रीमती राना ने कहा कि नगर देश की पहली ऐसी नगर पंचायत है जहां विकास योजनाओं के क्रियान्वयन के साथ ही प्रत्येक माह के अन्तिम शनिवार को स्वच्छता अभियान, दूसरे मंगलवार को मासिक योग दिवस और वृद्ध जन सम्मान, प्रत्येक सोमवार को जनता दर्शन, प्रत्येक माह के अन्तिम रविवार को श्रीराम धाम निःशुल्क यात्रा जैसे आयोजन होते हैं। मेधावी विद्यार्थियों के लिए अब्दुल कलाम स्मृति पुरस्कार योजना,जरूरतमंदों के लिए नगर पंचायत अध्यक्ष विवेकाधीन कोष, गरीब परिवारों में निधन पर निःशुल्क शव वाहन की सुविधा, और किया कर्म के लिए संस्कार सहभागिता योजना के अन्तर्गत चीनी अथवा खाने का तेल जैसे सहयोगी कार्य भी केवल नगर पंचायत नगर में ही चलते हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष राना दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि स्वच्छ नगर, स्वस्थ मगर, समृद्ध नगर सभी के सहयोग से ही संभव है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता भी देश की सर्वोत्तम सेवाओं में से एक है। इस अभियान में सभासद राज कुमार चौधरी, राम नारायन यादव सहित बड़ी संख्या में नगर पंचायत कर्मी और क्षेत्रीय लोग सम्मिलित हुए।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh