रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
बस्ती की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना से निकली यात्रा, मनीष मिश्रा होंगे मुख्य यजमान
बस्ती, 11 अक्टूबर। बस्ती की सुख-समृद्धि, विकास और जनकल्याण की कामना को लेकर रविवार को 11 हजार महिलाओं की भव्य कलश यात्रा के साथ शतचंडी महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। अमहट स्थित शिव मंदिर से निकली इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया। वैदिक मंत्रोच्चार और मां भगवती के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। महायज्ञ के मुख्य यजमान पहल वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष मनीष मिश्रा होंगे।
कुआनो नदी के तट पर स्थित अमहट शिव मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मनीष मिश्रा की उपस्थिति में कलश यात्रा प्रारंभ हुई। दिल्ली से आए मुख्य पुरोहित आचार्य अजय पांडे के नेतृत्व में विद्वान पुरोहितों का दल वैदिक विधि-विधान से महायज्ञ संपन्न कराएगा।
कलश यात्रा अमहट शिव मंदिर से शुरू होकर झंडा तिराहा, शास्त्री चौक, कंपनी बाग, गांधीनगर, जीआईसी, रोडवेज, मालवीय रोड और ब्राह्मण महासभा होते हुए सीएमएस स्कूल के समीप सेवा हॉस्पिटल वाली गली से गुजरी। इसके बाद यात्रा जीडी मिश्रा के आवास स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं में उत्साह देखने को मिला। महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य यजमान मनीष मिश्रा ने कहा कि शतचंडी महायज्ञ किसी व्यक्ति विशेष का आयोजन नहीं, बल्कि संपूर्ण बस्ती के कल्याण का सामूहिक संकल्प है। मां भगवती से बस्ती की समृद्धि, विकास, सुख-शांति और प्रत्येक परिवार की खुशहाली की कामना की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का नेतृत्व बस्ती की नारी शक्ति कर रही है। पहल वेलफेयर सोसाइटी की ‘राम जी का झोला’ और ‘राम जी का पेड़ा’ सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी माताएं-बहनें इस आयोजन की वास्तविक सूत्रधार हैं।
मनीष मिश्रा ने विश्वास जताया कि मातृशक्ति की अगुवाई में आयोजित यह महायज्ञ बस्ती के आध्यात्मिक गौरव, सामाजिक एकता और जनकल्याण के सामूहिक संकल्प का प्रतीक बनेगा।
11 हजार महिलाओं की सहभागिता वाली इस भव्य कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ शतचंडी महायज्ञ धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का संदेश देता नजर आया। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा।


