संगठन–प्रशासन समन्वय बैठक से कार्यकर्ताओं में उत्साह, अधिकारियों को मिला स्पष्ट संदेश

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र के नेतृत्व में जिला स्तर पर संगठन और प्रशासन के बीच तालमेल एवं संवाद को मज़बूत बनाने के लिए शुरू हुआ समन्वय बैठक का क्रम अब तहसील स्तर तक पहुँच गया है। भानपुर और रुधौली के बाद मंगलवार को हर्रैया तहसील सभागार में यह बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की सरकार है। हम संगठन और प्रशासन के बीच व्याप्त दूरियों को समाप्त कर कार्यकर्ताओं और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। अधिकारियों को यह समझना होगा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक की विशेषता यह रही कि संगठन और प्रशासन के बीच इस तरह का प्रत्यक्ष संवाद किसी भी जिलाध्यक्ष के कार्यकाल में पहली बार हो रहा है। इससे कार्यकर्ताओं में उत्साह का वातावरण है। बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न विभागों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। बिजली विभाग के प्रति सर्वाधिक शिकायतें दर्ज हुईं, जहाँ लापरवाही और सुस्ती पर कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। राजस्व विभाग से जुड़ी लापरवाही एवं समाधानहीन समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया गया। राशन कार्ड से संबंधित समस्याएँ विशेष रूप से सामने आईं, जहाँ केवाईसी की जटिलताओं के कारण ग्रामीण जनता परेशान है। थाने स्तर पर व्याप्त अव्यवस्थाओं एवं पुलिस कार्यशैली को लेकर भी आपत्तियाँ दर्ज हुईं।

जिलाध्यक्ष श्री विवेकानन्द मिश्र ने इन सभी बिंदुओं पर अधिकारियों को कठोर निर्देश दिए और कहा कि ग्राम पंचायत से लेकर तहसील स्तर तक जनता को बिजली, राशन कार्ड, पुलिस और राजस्व जैसी बुनियादी समस्याओं के लिए भटकना न पड़े। सभी विभाग समयबद्ध तरीके से समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। बैठक में संगठन और सरकार द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं व अभियानों की समीक्षा की गई। साथ ही यह भी तय किया गया कि सरकार की छवि खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक में शामिल कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के इस प्रयास की सराहना की और कहा कि पहली बार संगठन की बात सीधे प्रशासन के सामने रखी जा रही है। इससे उन्हें नई ऊर्जा मिली है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाएगा और विभागीय लापरवाही पर सख्ती बरती जाएगी।

भाजपा की ओर से परशुरामपुर, मखौड़ा धाम, विक्रमजोत, विशेषरगंज, हर्रैया, दुबौलिया, कप्तानगंज, गौर, परसा व हरदी मण्डल के पदाधिकारी व कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक में प्रमुख रूप से राम सिंगार ओझा, देवेन्द्र सिंह, प्रत्युष विक्रम सिंह, योगेन्द्र सिंह, गिल्लम चौधरी, जटाशंकर शुक्ल, विनोद सिंह, विनोद चौधरी, भानु प्रताप सिंह, गौरव मणि त्रिपाठी, राजेश कमलापुरी, प्रबल मालानी, मनोज पाठक, ध्रुव नारायण सिंह, अरविन्द सिंह, सुनील सिंह, राधेश्याम कमलापुरी, राजेश त्रिपाठी, सुनील त्रिपाठी, शिवचरन जायसवाल, वीरेन्द्र गौतम, विनय शंकर मिश्र, गंगेश सिंह, ओंकार सिंह, घनश्याम शुक्ल, अनन्त कृष्ण पाण्डेय, विजय गुप्ता, गजेन्द्र मणि त्रिपाठी, लवकुश शुक्ल, जवाहर जायसवाल, समीर चौहान सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh