उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में गणतंत्र दिवस पर देशभक्ति का सैलाब: चंद्रयान और राफेल की झांकियों ने बढ़ाई शोभा
बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रबन्धक धीरेन्द्र शुक्ल द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस गौरवशाली अवसर पर विशिष्ट अतिथि डॉ० राजन शुक्ल, ध्रुवचन्द्र त्रिपाठी, भोजपुरी गायक अमरेश पाण्डेय और प्रबन्ध निदेशक विनय शुक्ल मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
ध्वजारोहण के उपरांत छात्र-छात्राओं ने अनुशासन के साथ रैली निकाला, जो विद्यालय परिसर से हनुमान गढ़ी गांधी नगर तक गया। इस दौरान निकाली गई चंद्रयान, राफेल और भारत माता की भव्य झांकियों ने नगरवासियों का मन मोह लिया। भारत माता के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो गया।
विद्यालय प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। नन्हे बच्चों द्वारा ‘घर कब आओगे’ गीत पर प्रस्तुत मार्मिक नृत्य ने सभी को भावुक कर दिया। इसके अलावा विभिन्न देशभक्ति गीतों और नाटकों के माध्यम से एकता और अखंडता का संदेश दिया गया।
मुख्य अतिथि धीरेन्द्र शुक्ल ने समस्त शिक्षक शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “हमारा विद्यालय न केवल बेहतर शिक्षा, बल्कि उच्च संस्कारों के लिए भी समर्पित है। गणतंत्र की मजबूती हमारे युवाओं के चरित्र पर निर्भर करती है।”
प्रबन्ध निदेशक विनय शुक्ल गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए आगामी बोर्ड परीक्षाओं के प्रति जागरूक किया। कहा कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के परीक्षार्थी अब एकाग्रता के साथ रिवीजन पर ध्यान दें। कठिन परिश्रम और सही रणनीति ही सफलता की कुंजी है। घबराहट को त्याग कर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा में सम्मिलित हों।
प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह ने कहा कि अनुशासन ही एक विद्यार्थी की सबसे बड़ी शक्ति है। आज के प्रदर्शन से बच्चों ने जिस अनुशासन का परिचय दिया है, वह सराहनीय है।
प्रधानाचार्या श्रीमती शशिप्रभा त्रिपाठी ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम हमारी जड़ों से जुड़ने का माध्यम हैं। बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत से इस राष्ट्रीय पर्व को यादगार बना दिया है।”
इस अवसर पर कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक बसन्त गुप्ता, राकेश पाण्डेय, संतोष सिंह, श्रवण चौधरी, अभिनव प्रकाश पाण्डेय, मनोज मिश्रा, राजेश पाण्डेय, संजय प्रजापति, सुधांशु सर, अमन मिश्रा, ममता, निष्ठा मणि, खुशबू श्रीवस्तव, रितू चौधरी, आकृति गुप्ता, आंचल सिंह, श्रीमती रंजना यादव, मधु कन्नौजिया, सतनाम कौर, अंजू मिश्रा, एवं मिनाक्षी मिश्रा सहित समस्त अध्यापक अध्यापिकांए उपस्थित रहे।

