बाल विवाह मुक्त बस्ती बनाने के लिए छात्राओं ने लिया संकल्प, जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश
बस्ती। जनपद को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से महिला कल्याण विभाग एवं अपराजिता सामाजिक समिति बस्ती के संयुक्त तत्वावधान में 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्लॉक हर्रैया एवं कुदरहा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बाल विवाह के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए बस्ती को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया। वहीं, विद्यालय के बच्चों ने जागरूकता रैली निकाली और गांव की महिलाओं ने कैंडल मार्च निकालकर लोगों को इस सामाजिक कुरीति के प्रति जागरूक किया गया
अपराजिता सामाजिक समिति की निदेशक किरण बेस ने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता जरूरी है। जब तक परिवारों और समुदायों में जागरूकता नहीं बढ़ेगी, तब तक इस कुप्रथा को पूरी तरह समाप्त करना संभव नहीं है। उन्होंने छात्राओं से अभियान का हिस्सा बनकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को जागरूक करने की अपील की। साथ ही 100 दिवसीय अभियान के तीन चरणों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन अलायंस के प्रयासों की जानकारी दी , बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का हनन है। इससे उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षित भविष्य प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह को समाप्त करने के लिए प्रशासन, सामाजिक संस्थाओं, विद्यालयों, अभिभावकों और आम नागरिकों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी। बेटियों को शिक्षित और जागरूक बनाकर ही इस कुरीति पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं, शिक्षकों और उपस्थित लोगों को बाल विवाह रोकने तथा समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की शपथ दिलाई गई। रैली के माध्यम से ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया गया। अभियान के तहत गांवों में महिलाओं द्वारा कैंडल मार्च निकालकर भी जागरूकता फैलाई गई।
कार्यक्रम के आयोजन में ब्लॉक हर्रैया के कोऑर्डिनेटर गौरी शंकर एवं ब्लॉक कुदरहा के कोऑर्डिनेटर अर्जुन मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


