रिपोर्ट:- अभिषेक कुमार
बस्ती। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को यातायात माह नवंबर 2026 का शुभारंभ किया गया। शहर के शास्त्री चौक (झंडा चौराहा) पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) संजीव त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर DIG संजीव त्यागी ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी सड़क दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जिंदगी भी सुरक्षित रखी जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस की ओर से वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में गाड़ी नहीं चलाने की हिदायत दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। इसके माध्यम से स्कूली बच्चों, युवाओं, वाहन चालकों और आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे यातायात नियमों को अपनी आदत बनाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर अनमोल जिंदगियों को बचाया जा सके।


