अपराधों पर अंकुश लगाने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के दिए सख्त निर्देश:ओमबीर

*नवागत पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह ने संभाली कमान*

बस्ती/ जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह ने कार्यभार ग्रहण करने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने जनपद के थाना प्रभारियों सहित विभिन्न पुलिस सेल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कानून-व्यवस्था दुरुस्त रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ओमबीर सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराधों को दबाने या मामलों में लापरवाही बरतने वाले थाना प्रभारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाना और आमजन के मन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना मजबूत करना है।
मीडिया से बातचीत के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जमीनी विवाद और छोटे-छोटे आपसी विवादों को भी पुलिस गंभीरता से ले। ऐसे मामलों में समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि विवाद आगे चलकर बड़े अपराध या गंभीर घटना का रूप न ले सकें।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि थाने पर आने वाले प्रत्येक पीड़ित के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए और उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पीड़ित को न्याय के लिए थाने और पुलिस कार्यालय के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें। यदि लापरवाही के कारण किसी फरियादी को बार-बार भटकना पड़ता है, तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
नवागत पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई करना और जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण पुलिस की प्राथमिकता होगी। अब देखना होगा कि इन सख्त निर्देशों का जनपद की पुलिसिंग और आमजन की समस्याओं के समाधान पर कितना प्रभाव पड़ता है।

Amit Kumar Singh
Author: Amit Kumar Singh